हनीट्रैप गिरोह का भंडाफोड़, महिला समेत पांच आरोपी गिरफ्तार

हनीट्रैप गिरोह में शामिल महिला फोन पर मीठी-मीठी बातें कर लोगों को अपने जाल में फंसाती थी। फिर होटल या सुनसान जगह पर बुलाकर पीड़ित को गिरोह के सदस्य पकड़ लेते थे। ताजा मामले में इस गिरोह ने एक युवक को ब्लैकमेल किया था। उसकी शिकायत पर पुलिस ने यह कार्रवाई की।
बरेली में इज्जतनगर थाना पुलिस ने हनीट्रैप गिरोह का भंडाफोड़ किया है। रिटायर्ड दरोगा के बेटे और महिला समेत पांच शातिरों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए गिरोह के पास से घटना में प्रयुक्त छह मोबाइल फोन और एक स्कॉर्पियो कार बरामद की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी निर्माणाधीन रोडवेज बस स्टैंड मिनी बाईपास रोड के पास से हुई है।
पुलिस के मुताबिक गिरोह का सरगना आकाश पुत्र नरेश कुमार है, जिसने अपने साथियों के साथ मिलकर भोले-भाले लोगों को हनी ट्रैप के जाल में फंसाकर लाखों की रंगदारी वसूलने की साजिश रची थी। गिरोह की मुख्य सदस्य हनी उर्फ नेहा खान पहले पीड़ित से फोन पर बातचीत कर उसे अपने जाल में फंसाती थी और फिर होटल या सुनसान जगह पर बुलाती थी। गिरोह के अन्य सदस्य पीड़ित को घेर लेते थे।
ताजा मामले में एक युवक को नेहा खान ने जाल में फंसाया था। महिला ने उसके वीडियो व फोटो बना लिए थे। फिर उसे होटल सहगल में बुलाया गया, जहां उसे गिरोह के गुड्डू बंजारा, अवधेश, आकाश, मिथलेश और अन्य साथियों ने स्कॉर्पियो में डालकर ले गए। मिनी बाईपास पर ले जाकर पीड़ित से मारपीट कर वीडियो-फोटो वायरल करने और दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई।
पीड़ित से रुपये मांग रहे थे आरोपी
बदनामी के डर से पीड़ित ने गिरोह को 30 हजार रुपये और सोने की अंगूठी सौंप दी। इसके बाद आरोपी लगातार उसे और रुपये देने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। एसएसपी के निर्देश पर गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर हनी उर्फ नेहा खान, गुड्डू बंजारा, अवधेश, आकाश और मिथलेश गंगवार को गिरफ्तार कर लिया। गिरोह का एक और सदस्य मोहित मिश्रा व दो अज्ञात अभी फरार बताए जा रहे हैं।
आरोपियों के खिलाफ मुकदमा थाना इज्जतनगर में कार्रवाई की गई है। सभी को रिमांड के लिए अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस के मुताबिक गिरोह के शातिर सदस्य कई युवकों को हनी ट्रैप के जरिए फंसा चुके हैं। ब्लैकमेलिंग का शिकार लोग अब तक सामने नहीं आए थे। इज्जतनगर पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि अवधेश के पिता पुलिस के रिटायर्ड दरोगा हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!