मुठभेड़ के दौरान दो लुटेरों को लगी गोली, हुए गिरफ्तार

आजमगढ़ जिले में पुलिस व बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें दो लुटेरे गिरफ्तार किए गए। घटना में दोनों बदमाशों को गोली लगी है।
आजमगढ़ जिले के मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के तियरा मोड़ पर बृहस्पतिवार की रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें दो शातिर लुटेरे गोली लगने से घायल हो गए। मौके से उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों अपराधी बीते दो महीनों में क्षेत्र में हुई दो बड़ी लूट की घटनाओं में वांछित थे और पुलिस इनकी तलाश में जुटी थी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सतीश निवासी चिउटहर गांव, थाना मेहनाजपुर व सतेंद्र यादव निवासी औहदपुर गांव, थाना चंदवक, जौनपुर के रूप में हुई। मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए सीओ लालगंज भूपेश के नेतृत्व में स्वाट टीम, एसओजी, थाना मेहनाजपुर सहित अन्य थानों की संयुक्त टीम दो सितंबर से ही क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरे की छानबीन कर रही थी। पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी और संदिग्धों पर नजर बनाए हुए थी।
बृहस्पतिवार देर रात जब पुलिस गश्त पर थी, तभी तियरा मोड़ के पास दोनों शातिर बदमाश दिखे। पुलिस को देखते ही वे भागने लगे और पीछा करने पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें दोनों बदमाश घायल हो गए। स्वाट टीम का एक सिपाही बाल-बाल बचा। घटना के बाद दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। उनके पास से अवैध हथियार और लूट का सामान भी बरामद हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!