बिहार में बनेगी पूर्ण बहुमत मे एनडीए सरकार- नितिन अग्रवाल

यूपी के आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल का कहना है कि इंडिया गठबंधन नेतृत्वविहीन है। बिहार में नीतीश के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनने जा रही है।
उत्तर प्रदेश के आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने कहा है कि बिहार में होने वाले चुनाव में एक बार फिर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की पूर्ण बहुमत की सरकार बनने जा रही है। अयोध्या आगमन के दौरान संवाददाताओं से बातचीत में मंत्री ने कहा कि इंडिया गठबंधन कोई चुनौती नहीं है। उनका नेतृत्व दिशाविहीन है।
उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन को देश और विभिन्न प्रदेशों की जनता ने लगातार अस्वीकार किया है। इसके बावजूद इंडिया गठबंधन अपने नेतृत्व के परिवर्तन पर विचार नहीं कर रहा। एक सवाल के जवाब में अग्रवाल ने कहा कि पीडीए का नारा देने वाले अपनी सरकार में परिवारवाद, दंगावाद और आतंकवाद की दिशा में काम करते थे। तब पीडीए की यही परिभाषा थी। आज पीडीए का नारा देकर भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। इन पर जनता बिल्कुल भी भरोसा नहीं करती है।
उन्होंने कहा कि आबकारी विभाग का इस साल राजस्व लक्ष्य 70,000 करोड़ रुपये है। आबकारी विभाग के लक्ष्य से ही प्रदेश के विकास की परियोजनाओं को चलाने में मदद मिलती है। विभाग का प्रयास है कि अवैध मदिरा कहीं पर भी न बनने पाए और न बिकने पाए। पिछले तीन साल से अधिक समय से प्रदेश में जहरीली शराब पीने से कोई अप्रिय घटना नहीं हुई है। विभाग में पारदर्शिता और जिम्मेदारी को बढ़ावा दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!