आरएफसी कार्यालय में टेंडर को लेकर ठेकेदार से हुई जमकर पिटाई

आरएफसी कार्यालय में धान क्रय के ठेके को लेकर दोपहर बरेली और मुरादाबाद के ठेकेदारों में विवाद हो गया। स्थानीय ठेकेदारों ने बरेली के ठेकेदार को पीट दिया। मारपीट से आहत ठेकेदारों ने कमिश्नर से मिलने की कोशिश की।
सिविल लाइंस स्थित आरएफसी कार्यालय में बृहस्पतिवार की शाम बरेली के ठेकेदार को स्थानीय ठेकेदारों ने पीट दिया। वीडियो बना रहे ठेकेदार का मोबाइल भी तोड़ दिया। घटना के बाद सिविल लाइंस थाने पहुंचे दोनों पक्ष में समझौता करा दिया गया। स्थानीय ठेकेदारों ने बाहरी ठेकेदारों के आने पर आपत्ति जताई है।
सिविल लाइंस स्थित आरएफसी कार्यालय में धान क्रय की हैंडलिंग और ट्रांसपोर्ट का ठेका लेने के लिए 50 से अधिक ठेकेदार पहुंचे। यहां मंडल के पांचों जिलों का लाटरी सिस्टम से ठेका होना था। बृहस्पतिवार की दोपहर करीब तीन बजे स्थानीय ठेकेदारों की बरेली से आए ठेकेदार ऋषभ गुप्ता से कहासुनी हो गई।
आरोप है कि इस दौरान ऋषभ के साथी ठेकेदार बृजेश गुप्ता ने हस्तक्षेप किया तो स्थानीय ठेकेदार के साथ पहुंचे दबंगों ने उसे लात घूसों से पीट दिया। उस समय कार्यालय में आरएफसी अनुभव सिंह मौजूद नहीं थे। दबंगों ने वीडियो बनाने पर बरेली के ठेकेदार का मोबाइल भी तोड़ दिया।

इस बीच कार्यालय में आरएमओ दुर्गेश प्रसाद मौजूद रहे। मारपीट से आहत बरेली के ठेकेदार प्रार्थनापत्र लेकर कमिश्नर आंजनेय कुमार सिंह से मिलने उनके आवास पहुंचे। लेकिन वह आवास नहीं मिले। घटना की सूचना मिलने के बाद आरएफसी अनुभव सिंह (एमडीए वीसी) ने कार्यालय पहुंचकर घटना की जानकारी ली। इस मामले में बृजेश गुप्ता रिपोर्ट दर्ज कराने थाने पहुंचे।
बिजनौर का टेंडर खुलने पर बढ़ा था विरोध
प्रार्थनापत्र में ठेकेदार ऋषभ गुप्ता, हरिओम त्रिवेदी, जाकिर खान, बृजेश गुप्ता ने बताया है कि निविदा की शर्तों के अनुसार 10 सितंबर की सुबह दस बजे से लाटरी सिस्टम से निविदाएं खुलनी थी लेकिन समय से पहले अपने चहेतों को ठेका दिलाने के लिए विभाग ने प्रक्रिया शुरू कर दी।

बिजनौर जिले का टेंडर खुला तो विरोध बढ़ गया। इसके बाद आरएफसी ने टेंडर की कार्रवाई रोक दी और 11 सितंबर की सुबह 11 बजे फिर लाटरी सिस्टम से टेंडर की प्रक्रिया शुरू करने के लिए निर्देश दिए। लाटरी सिस्टम से निविदाएं खोली गईं।

दोपहर तीन बजे स्थानीय ठेकेदारों ने मारपीट कर बाहरी ठेकेदारों को भगाना शुरू कर दिया। आरोप लगाया कि मन माफिक ठेकेदारों को टेंडर आवंटित किए गए। इस बारे में स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई है। इस मामले में ठेकेदारों ने पूरे घटनाक्रम की जांच कर कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।

पुलिस सुरक्षा के बीच आज लाटरी से टेंडर खुलेगा
आरएफसी अनुभव सिंह ने बताया कि ठेकेदारों के बीच मारपीट हुई है लेकिन उसमें कार्यालय का कोई कर्मचारी शामिल नहीं था। बृहस्पतिवार को संभल और रामपुर जिले की कुल 35 निविदाएं खोली गई हैं। घटना को देखते हुए शुक्रवार को पुलिस सुरक्षा के बीच रामपुर के बचे हुए केंद्रों के साथ मुरादाबाद, अमरोहा और बिजनौर की निविदा लाटरी के माध्यम से खोली जाएंगी।

वीडियोग्राफी के बीच हुआ ठेका
आरएफसी का कहना है कि धान कय केंद्रों की हैंडलिंग और परिवहन ठेकेदार की नियुक्ति प्रक्रिया समय से पूरी की गई। पारदर्शिता के लिए पूरे लाटरी सिस्टम की वीडियोग्राफी की गई है। किसी भी निविदादाता ने आपत्ति व्यक्त नहीं की है। लॉटरी समाप्ति के दौरान शाम पांच बजे कतिपय ठेकेदारों द्वारा आपसी रंजिश में लड़ाई झगड़ा किया गया। इस कारण लॉटरी को तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया। इस बारे में तत्काल थाना सिविल लाइंस को सूचना दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!