आजमगढ़ में दर्दनाक हादसा हुआ। बच्चों को लेकर जा रही एक स्कूली बस पलट गई। हादसे में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि कई घायल हुए हैं।
आजमगढ़ जिले के देवगांव कोतवाली क्षेत्र के वाराणसी-आजमगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बृहस्पतिवार की सुबह स्कूली बच्चों को लेकर जा रही एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस घटना में बस सवार कई बच्चे घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां एक छात्र को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
क्या है पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा देवगांव कोतवाली क्षेत्र के बसही मोड़ तिराहे के पास वाराणसी-आजमगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। जामिया फैजेआम, देवगांव की बस छात्रों को लेकर जा रही थी। इसी दौरान किसी कारणवश चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क किनारे पलट गई। दुर्घटना इतनी अचानक हुई कि बस में बैठे छात्र संभल नहीं सके। बस पलटते ही बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े।
हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए छात्र की पहचान देवगांव कोतवाली क्षेत्र के बनारसपुर गांव निवासी 9 वर्षीय युनूस बेलाल खान के रूप में हुई। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल उपचार के लिए सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय लालगंज ले जाया गया।
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। छात्र की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था और गांव में भी शोक की लहर फैल गई।
सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और क्रेन को मंगाकर बस को बाहर निकलवाया। वहीं अन्य घायल बच्चों का स्वास्थ्य केंद्र में उपचार चल रहा है। सीओ भूपेश पांडेय ने बताया कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
