
नायरा फ्यूल स्टेशन पर पेट्रोल-डीजल के रेट बढ़ाए जाने की बात सामने आई है। कुछ उपभोक्ताओं ने बताया कि अभी तक 95 रुपये प्रति लीटर पेट्रोल था, जो अब 100.51 रुपये लीटर हो गया।
फ्यूल स्टेशनों पर शाम के समय एकाएक लोग पेट्रोल-डीजल लेने पहुंच गए। शहर से लेकर देहात तक के फ्यूल स्टेशनों पर यह हाल देखने को मिला। पेट्रोल-डीजल लेने के लिए लोगों को कतारों में खड़ा होकर अपना नंबर आने का इंतजार करना पड़ा।
जिले में पर्याप्त डीजल-पेट्रोल
जनपद में विभिन्न कंपनियों के 286 फ्यूल स्टेशन हैं। विभागीय अफसरों का दावा है कि जिले में पर्याप्त डीजल-पेट्रोल है। इधर, जनपद के फ्यूल स्टेशनों पर दोपहर तक तो हालात कुछ सही रहे, लेकिन शाम होते ही एकाएक लोगों की अधिक भीड़ पहुंचने लगी। फ्यूल स्टेशनों पर बाइकों व कारों का जमावाड़ा लगने लगा। शहर के नौरंगाबाद चौराहे पर स्थित फ्यूल स्टेशन सुबह से बंद रहा। सूत्रों ने बताया कि पंप के पास स्टॉक खत्म हो गया।
ईंधन भरवाने की होड़ मचने से आम लोगों को काफी परेशानी
वहीं सीतापुर रोड पर रिलायंस पंप पर शाम के समय काफी भीड़ देखने को मिली। संकटा देवी चौराहे लक्ष्मी पेट्रोल पंप, निघासन रोड पर, झंडी पंप निकट रोडवेज, एलआरपी चौराहा आदि जगह पेट्रोल-डीजल लेने वालों की भीड़ देखने को मिली। इधर, जिला पूर्ति अधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि जिले में पर्याप्त मात्रा में डीजल-पेट्रोल है। किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। इधर, अफवाहों के बीच ईंधन भरवाने की होड़ मचने से आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
निघासन रोड पर नायरा फ्यूल स्टेशन पर बढ़े रेट
इधर, निघासन रोड पर स्थित नायरा फ्यूल स्टेशन पर पेट्रोल-डीजल के रेट बढ़ाए जाने की बात सामने आई है। कुछ उपभोक्ताओं ने बताया कि अभी तक 95 रुपये प्रति लीटर पेट्रोल था, जो अब 100.51 रुपये लीटर हो गया। डीजल पर भी करीब तीन रुपये बढ़े हैं।
