नसीरपुर गांव में कुंजीलाल ने अपने साथियों के साथ प्रशासन से बिना अनुमति लिए जयंती के दिन डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर दी। इस पर हंगामा होने लगा।
महरुआ के नसीरपुर गांव में मंगलवार सुबह नौ बजे अचानक डॉ. आंबेडकर प्रतिमा स्थापित किए जाने पर हंगामा हो गया। महिलाओं ने मूर्ति हटवाने पहुंचे पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। करीब नौ घंटे तक चले मान-मनौवल के बाद ग्रामीण शांत हुए। इसके बाद पुलिस ने मूर्ति हटवाई। गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।
महरुआ क्षेत्र के नसीरपुर गांव में मंगलवार को कुंजीलाल ने अपने साथियों के साथ प्रशासन से बिना अनुमति लिए जयंती के दिन डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर दी। इस पर हंगामा होने लगा। मामले की जानकारी होते ही एसओ महरुआ महेंद्र सरोज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसओ ने मूर्ति हटाने के लिए कहा तो महिलाएं उग्र हो गईं। देखते ही देखते प्रतिमा स्थल के पास सैकड़ों ग्रामीण इकट्ठा हो गए और मूर्ति स्थापित रहने देने पर अड़ गए।
उच्चाधिकारियों को सूचना मिली तो एसडीएम भीटी धर्मेंद्र कुमार व सीओ भीटी लक्ष्मीकांत मिश्र कई थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए। इस पर महिलाओं ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी बात करने का प्रयास करते रहे लेकिन वह मानने को तैयार नहीं हुए। करीब नौ घंटे तक चले हंगामे और मान-मनौवल के बाद ग्रामीण शांत हुए। इसके बाद पुलिस ने मौके से मूर्ति को हटवाया और कुंजीलाल के घर पर वापस रखवा दिया। कुंजीलाल ने अनुमति मिलने के बाद मूर्ति स्थापित किए जाने का आश्वासन दिया है। गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।
जहांगीरगंज: झंडे का डंडा तोड़े जाने से भड़का आक्रोश, आधे घंटे मार्ग जाम
कम्हरिया घाट मार्ग स्थित जोलहापुर गांव के मोड़ पर लगे साइन बोर्ड पर ग्रामीणों की ओर से आंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में झंडा लगाया गया था। सोमवार रात अज्ञात व्यक्ति ने झंडे का डंडा तोड़ दिया। मंगलवार सुबह ग्रामीणों की नजर इसपर पड़ने पर वे आक्रोशित हो उठे। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने एकत्र होकर नारेबाजी करते हुए सड़क पर जाम लगा दिया।
इस दौरान मुख्य मार्ग के साथ गांव के लिंक मार्ग पर भी आवागमन ठप हो गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपित की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया।
