
विकासनगर सेक्टर 14 में दो सौ झोपड़ियों में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सिलिंडर और उपकरणों में धमाके होने लगे, जिससे लोग सहम गए। दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुटीं। दूर-दूर तक धुआं और आग की लपटें दिखाई देती रहीं।
लखनऊ के विकासनगर सेक्टर-14 में बुधवार दोपहर करीब 200 झोपड़ियों में भीषण आग लग गई। आग फैलते ही झोपड़ियों में रखे सिलिंडर और रेफ्रिजरेटर के कंप्रेसर में ताबड़तोड़ धमाके होने लगे, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 18 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने में जुट गईं। दूर-दूर तक धुएं का गुबार और ऊंची लपटें दिखाई दीं। राहत-बचाव कार्य जारी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
आग की सूचना मिलते ही झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले लोग मौके पर पहुंचे हैं। उनका सारा सामान जलकर राख हो गया है। चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल है। जिनकी झोपड़ियां जली हैं, वो लोग रो रहे हैं। बार-बार अपनी झोपड़ी में जाने की जिद कर रहे हैं। फायर ब्रिगेड की 18 गाड़ियां आग पर काबू पाने में जुटी हैं।
परिवार के लोगों को इधर-उधर खोज रही हूं
विकास नगर की झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाली शमशुनिशां का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका कहना बै कि आग लगने के समय मेरा पूरा परिवार घर में ही था। उनका कोई पता नहीं चल रहा है। मेरा पूरा घर जलकर राख हो गया है। परिवार के लोगों को इधर-उधर खोज रही हूं।
सरकार हर परिस्थिति में पीड़ित परिवारों के साथ: ब्रजेश पाठक
राजधानी के विकास नगर इलाके में हुए अग्निकांड का संज्ञान लेते हुए प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर मौका मुआयना किया। प्रशासनिक व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इस घटना की उच्च स्तरीय जांच कराई जाएगी। पीड़ित परिवारों के साथ हर परिस्थिति में उत्तर प्रदेश सरकार खड़ी है। डिप्टी सीएम ने मौके पर ही स्वास्थ्य विभाग की टीमों को बुलाया एवं घटना में घायल हुए लोगों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। डिप्टी सीएम ने घटनास्थल पर ही जिलाधिकारी, पुलिस कमिश्नर, मुख्य विकास अधिकारी, नगर आयुक्त, एनडीआरफ एवं अन्य अधिकारियों के साथ इस घटना में बचाव कार्यों को लेकर विस्तृत वार्ता की एवं पीड़ित परिवारों के रहने एवं भोजन व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
सीएम ने लिया घटना का संज्ञान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंच कर राहत कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश दिए हैं।
