
आजमगढ़ जिले की जीयनपुर पुलिस ने मुठभेड़ में हत्या के आरोपी को गिरफ्तार किया। वहीं उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए।
आजमगढ़ जिले में शादी समारोह में हुए विवाद के दौरान हुई हत्या के मामले में नामजद मुख्य अभियुक्त के साथ बुधवार की रात पुलिस की मुठभेड़ हो गई। जिसमें पुलिस ने मुख्य आरोपी को घायलावस्था में गिरफ्तार कर लिया। जबकि उसके दो साथी अंधरे का फायदा उठाकर मौके से भाग गए।
बदमाश ने पुलिस टीम पर की फायरिंग
एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि बुधवार की रात मुखबिर की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुबारकपुर तिराहे से बासूपार-घड़सरा मार्ग पर घेराबंदी की। इसी दौरान तीन संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास किए जाने पर आरोपियों ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
ऐसे हुई गिरफ्तारी
आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में एक अभियुक्त के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर जिला अस्पताल भेजा गया। घायल अभियुक्त की पहचान नीरज निषाद (18 वर्ष), निवासी इंदिरा नगर, अजमतगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक कारतूस और एक खोखा बरामद किया है।
यह था मामला
मंगलवार की रात अजमतगढ़ में एक शादी समारोह के दौरान कूलर की हवा की दिशा को लेकर विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट और चाकूबाजी की घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। इस मामले में 9 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया था।
आरोपी ने स्वीकार किया जुर्म
एसपी ग्रामीण ने बताया कि पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि वारदात के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे और इस्तेमाल किए गए हथियार को छिपा दिए थे। पुलिस से बचने के लिए उन्होंने फायरिंग भी की। फरार आरोपियों आशीष निषाद और सोनू निषाद की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
