पुरानी रंजिश मे व्यापारी की पीटकर हत्या

गंभीरपुर थाना क्षेत्र के बिंद्रा बाजार (रानीपुर रजमो) में सोमवार की रात पट्टीदारों के बीच चल रहा पुराना विवाद हिंसक हो गया। मारपीट में गंभीर रूप से घायल 58 वर्षीय सूरज मोदनवाल की जिला अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। घटना के बाद बाजार में तनाव फैल गया। एहतियातन क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
मृतक के बड़े पुत्र बृजेश मोदनवाल ने बताया कि परिवार के बीच लंबे समय से पट्टीदारी और कारोबार को लेकर विवाद चल रहा था। उनकी छोटी बहन ने दो वर्ष पूर्व प्रेम विवाह किया था, जिसके बाद से पड़ोसी पक्ष के लोग ताना मारते और टिप्पणी करते थे।
बृजेश ने बताया कि सोमवार रात करीब साढ़े दस बजे उनके पिता दुकान के बाहर बैठे थे। इसी दौरान सामने रहने वाला रंजीत उर्फ गोलू वहां पहुंचा और तंज कसने लगा। विरोध करने पर गाली-गलौज शुरू हो गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि थोड़ी ही देर में शैलेन्द्र मोदनवाल, शिव प्रसाद, शिव प्रकाश, अमित मोदनवाल समेत अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए और हमला कर दिया।
मारपीट में सूरज मोदनवाल गंभीर रूप से घायल हो गए। स्वजन उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल ले गए, जहां से चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रास्ते में उनकी मौत हो गई।

स्वजन का आरोप है कि दोनों पक्षों के बीच मिठाई, कास्मेटिक और पटाखे के कारोबार को लेकर भी प्रतिस्पर्धा थी। छोटे भाई अनुज मोदनवाल के कारोबार और इंटरनेट मीडिया पर लोकप्रिय होने से दूसरे पक्ष के लोग जलन रखते थे। इसी रंजिश में घटना को अंजाम दिया गया।
घटना की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह, सीओ लालगंज भूपेश पांडेय व सीओ सदर आस्था जायसवाल मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मृतक के पुत्र अनुज मोदनवाल की तहरीर पर पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!