
यूपी में क्या शराब की दुकानों के खुलने और बंद होने का समय बदलने जा रहा है। आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल से इस बारे में मांग की गई है।
आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल से बुधवार को शराब विक्रेता वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की और शराब की दुकानों को खोलने और बंद करने का समय बढ़ाने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने आबकारी मंत्री को सौंपे ज्ञापन में कहा कि गर्मी अधिक होने की वजह से दुकानों पर ग्राहक कम आ आ रहे हैं, लिहाजा दुकानों के संचालन का समय सुबह 8 बजे से रात्रि 11 बजे किया जाए ताकि ग्राहक और दुकानदारों को राहत मिल सके।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल संगठन के कार्य विभाग महामंत्री विकास मोहन श्रीवास्तव ने दुकानों के संचालन में आ रही कठिनाइयों के बारे में मंत्री को बताया। उन्होंने कहा कि पूर्व की भांति बियर पीने के लिए परमिट रूम की व्यवस्था लागू की जाए। देशी मदिरा में महानगर की दुकानों का कोटा बहुत ज्यादा होता है जिसकी वजह से अधिकांश माल बिक नहीं पा रहा है।
वहीं लॉटरी की वजह से पुराने शराब कारोबारी इस व्यवसाय से बाहर होते चले जा रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल में उपाध्यक्ष रमेश जायसवाल के साथ शंकर लाल कनौजिया, विजय जायसवाल, देवेश जायसवाल, राजेश जायसवाल, पंकज जायसवाल, विपिन जायसवाल और शिवकुमार जायसवाल शामिल थे।
