आजमगढ़ जिले में एक रेस्टोरेंट में भीषण आग लगी। मामले की जानकारी होने पर मौके पर पहुंची चार दमकल गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आजमगढ़ जिले के सिधारी थाना क्षेत्र के नरौली स्थित तिरंगा तिराहे के पास ग्रिल टू चिल रेस्टोरेंट की दूसरी मंजिल पर बृहस्पतिवार की सुबह भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में उसने विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।
रेस्टोरेंट से धुआं उठता देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग लगातार बढ़ती गई और लपटें इमारत से बाहर निकलने लगीं। सिधारी थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था संभाली। पुलिस ने रूट डायवर्ट कराया और दमकल कर्मियों को आग बुझाने में सहयोग किया। आग लगने की इस घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि प्रथमदृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है और कोई जनहानि नहीं हुई है। आग रेस्टोरेंट की पहली मंजिल पर लगी थी।
