पूर्व मंत्री आबिद रजा के भाई आसिफ रजा पर क्षय रोग विभाग के कर्मचारियों को पीटने का आरोप लगा है। आसिफ विभाग में डीपीसी पद पर तैनात हैं। घटना से संबंधित एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। बदायूं के जिला अस्पतार परिसर में स्थित क्षय रोग विभाग में एक दबंग कर्मचारी ने दो कर्मचारियों को पीटा। दोनों को कमरे में बंदकर हड़काया। सपा के पूर्व मंत्री भाई का खौफ दिखाकर गाली गलौज की। मारपीट व छीनाझपटी में एक कर्मचारी के कपड़े तक फट गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें आरोपी कर्मचारी कुर्सी मारते दिखाई दे रहा है। जब तक लोग इकठ्ठे हुए तब तक कर्मचारी मौके से भाग गया। सीएमओ ने मामले की जांच बैठाई है। पूर्व मंत्री आबिद रजा के भाई आसिफ रजा क्षय रोग विभाग में डीपीसी के पद तैनात हैं। वहीं सुदेश सक्सेना एसटीएस के पद पर तैनात हैं। उनके साथ ही सर्वेश भी विभाग में कर्मचारी हैं। कर्मचारी सुदेश सक्सेना का कहना है कि बृहस्पतिवार को कर्मचारी ऑफिस में काम कर रहे थे। करीब दो बजे डीपीसी आसिफ रजा हाथ में डंडा लेकर ऑफिस में पहुंचे। गालियां देते हुए पकड़कर अपने कमरे में ले गए और बंद कर दिया। कर्मचारी सर्वेश के साथ हाथपाई करते हुए उसको भी कमरे में ले आए। दोनों को मारा-पीटा। जान से मारने की धमकी दी आरोप है कि आसिफ रजा ने धमकी दी कि अगर पेट्रोल की पर्ची की बात दोबारा कही तो जान से मार दूंगा। मेरा भाई मंत्री विधायक रह चुका है। भाभी नगर पालिका की अध्यक्ष हैं। सुदेश ने बताया कि पूर्व मंत्री का भाई होने की वजह से अधिकारी कर्मचारी आसिफ रजा से कुछ नहीं कहते हैं।सुदेश ने फोन पर अपनी पत्नी को घटना के बारे में बताया। जिस पर उन्होंने डीएम अवनीश राय को घटना की जानकारी दी। साथ ही विभाग के अधिकारियों को भी जानकारी दी। तीन घंटे तक कोई अधिकारी पीड़ित कर्मचारियों का हाल जानने को भी नहीं पहुंचा। डीएम ने सीएमओ को मामले की जांच कर दोषी कर्मचारी पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।सीएमओ डॉ. रामेश्वर मिश्रा ने बताया कि मामला संज्ञान में आने के बाद क्षय रोग अधिकारी डॉ. विनेश कुमार को मामले की जांच दी है। जांच आख्या मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। झगड़ा किस बात पर हुआ है अभी इसकी जानकारी नहीं है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।