भारत की यह महिला बनेगी आरपीएफ की महानिदेशक

भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) की वरिष्ठ अधिकारी सोनाली मिश्रा को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की पहली महिला महानिदेशक नियुक्त किया गया है। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि वह मनोज यादव की जगह यह जिम्मेदारी संभालेंगी। मनोज यादव 31 जुलाई को सेवानिवृत्त होने वाले हैं।

मध्य प्रदेश कैडर की आईपीएस अधिकारी
सोनाली 1993 बैच की मध्य प्रदेश कैडर की भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी हैं। कार्मिक मंत्रालय द्वारा जारी एक आदेश के मुताबिक, कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने सोनाली मिश्रा की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। वे 31 अक्तूबर, 2026 को सेवानिवृत्ति तक इस पद पर बनी रहेंगी।

पहली बार महिला अधिकारी के कंधों पर रेलवे संपत्ति और यात्रियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी
अधिकारियों ने बताया कि सोनाली मिश्रा आरपीएफ की पहली महिला अधिकारी होंगी, जिन पर अन्य कर्तव्यों के अलावा रेलवे संपत्ति और यात्रियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी है। वह वर्तमान में मध्य प्रदेश पुलिस में अतिरिक्त महानिदेशक (चयन) के पद पर तैनात हैं।

इन अहम पदों पर सेवाएं दे चुकी हैं IPS सोनाली मिश्रा
मध्य प्रदेश के रायसेन में पुलिस अधीक्षक (एसपी), जबलपुर में पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) और मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय में आईजी इंटेलिजेंस जैसी अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं। वे सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में डेप्युटेशन पर रहते हुए देश की पहली महिला महानिरीक्षक (आईजी) भी बनीं। पंजाब फ्रंटियर की कमान संभालने के दौरान उन्होंने 553 किमी लंबी भारत-पाक अटारी सीमा की निगरानी की। इसके बाद उन्होंने कश्मीर घाटी और बीएसएफ मुख्यालय में खुफिया शाखा का भी नेतृत्व किया।

युवा महिला सैनिकों की प्रेरणा हैं IPS अधिकारी सोनाली मिश्रा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा का जिम्मा भी संभाला
गौरतलब है कि इसी साल मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में राज्य स्तरीय महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन हुआ था। 31 मई को देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300 जयंती पर हुए इस आयोजन के दौरान सुरक्षा बंदोबस्त की जिम्मेदारी महिलाओं के हाथ में सौंपी गई। इसमें आईपीएस सोनाली मिश्रा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा का जिम्मा मिला। अमर उजाला के साथ बातचीत के दौरान उन्होंने इस अवसर को सौभाग्य बताया था। उनके नेतृत्व में 6 से अधिक महिला आईपीएस अधिकारियों ने भोपाल की प्रमुख जगहों पर मुस्तैदी के साथ सेवाएं दीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक पहली बार प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में 50% से अधिक महिला अधिकारियों को सुरक्षा प्रबंधन की कमान सौंपी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!