सिविल लाइंस में मीडिया कर्मी की चाकू मारकर हत्या

प्रयागराज के सिविल लाइंस इलाके में मीडिया कर्मी की चाकू मारकर हत्या से सनसनी फैल गई। पुलिस ने मुठभेड़ में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके पैर में गोली लगी है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में हर्ष होटल के पास बृहस्पतिवार की रात मीडियाकर्मी एलएन सिंह (48) की चाकू से गोद कर हत्या कर दी गई। वारदात के दाैरान हमलावरों ने एक दर्जन से अधिक बार चाकू से वार किए। इसके बाद धूमनगंज थाना क्षेत्र में नेहरू पार्क के समीप हत्यारोपी से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। इस दाैरान आरोपी के पैर में चार गोली लगी है। उसे एसआरएन में भर्ती कराया गया है।
मूलरूप से बलिया के रहने वाले एलएन सिंह पिछले कई साल से धूमनगंज में परिवार के साथ रहते थे। वह एक निजी चैनल से जुड़े हुए थे। रात करीब 10:30 बजे वह सिविल लाइंस के जीएचएस रोड के पास गए थे। तभी वहां पर साहिल नाम के युवक से विवाद हो गया।इसके बाद साहिल के दोस्त विशाल समेत अन्य ने एलएन सिंह पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना में वह बुरी तरह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। आसपास के लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें एसआरएन अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

खून से लथपथ हुई सड़क

आरोपियों ने इतनी बेरहमी से घटना को अंजाम दिया की सड़क खून से लथपथ हो गई। प्रत्यक्षदर्शी सुमित समेत अन्य लोगों ने बताया कि एलएन सिंह कई बार यहां पर आया करते थे। रात को अचानक किसी से विवाद हुआ। शोर शराबे के बाद देखा कि एलएन सिंह खून से लथपथ सड़क पर गिरे पड़े हैं।

एक दिन पहले हुआ था विवाद

पुलिस जांच में सामने आया कि एलएन सिंह का एक दिन पहले भी किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इन लोगों की आपस में रंजिश चल रही थी। बृहस्पतिवार रात जब एलएन सिंह गए तो फिर से विवाद शुरू हो गया। तभी रंजिश के चलते आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया।
खुल्दाबाद से खरीदा था चाकू

पुलिस पूछताछ में आरोपी विशाल ने बताया कि उसने खुल्दाबाद के मछली मंडी के पास से चाकू खरीदा था। चाकू खरीदने के लिए उसने 80 रुपये खर्च किए थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने स्वीकार किया कि साहिल से लड़ाई होने के बाद उसने ही चाकू से घटना को अंजाम दिया है।

मृतक और आरोपियों के बीच एक दिन पहले भी किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। घटना के बाद नेहरू पार्क में आरोपी के संग पुलिस की मुठभेड़ भी हुई है। इसमें मुख्य आरोपी के पैर में चार गोली लगी है, अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। – डॉ. अजय पाल शर्मा, अपर पुलिस आयुक्त, प्रयागराज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!