तत्कालीन डीएम के नाम से फर्जी आईडी बनाकर 54 हजार रुपये की ठगी, मुकदमा दर्ज

फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाकर एक व्यापारी से ठगी कर ली गई। पीड़ित व्यापारी ने तीन नामजद समेत चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पीलीभीत में सोशल मीडिया के जरिए ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जालसाजों ने पीलीभीत के पूर्व डीएम अखिलेश मिश्रा के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर व्यापारी से 54 हजार रुपये ठग लिए। खुद को सीआरपीएफ अधिकारी बताने वाले ठग ने सरकारी गाड़ी से सामान भेजने का झांसा देकर 75 हजार रुपये का सौदा तय किया था। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मलिक अहमद निवासी दीपक अग्रवाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 27 सितंबर 2025 को एक व्यक्ति ने खुद को सीआरपीएफ अधिकारी संतोष कुमार बताकर संपर्क किया। आरोपी ने कई वर्ष पूर्व जिले में तैनात रहे डीएम अखिलेश मिश्रा के नाम से बनाई फर्जी फेसबुक आईडी से उसे संदेश भेजा। उनका मोबाइल नंबर हासिल किया।
इसके बाद व्हाट्सएप पर वॉइस कॉल और संदेशों के जरिए बातचीत शुरू की। आरोपी ने तीन माह पुराना फर्नीचर, एसी, इन्वर्टर और साइकिल का सौदा 75 हजार रुपये में तय किया। एडवांस और गाड़ी किराये के नाम पर आरोपी ने 54 हजार रुपये छह अलग-अलग यूपीआई ट्रांजेक्शन के जरिए ललित कुमार की पेटीएम आईडी पर मंगवा लिए।
रिपोर्ट में तीन आरोपी नामजद
पीड़ित के अनुसार ठगी के बाद आरोपियों ने फेसबुक आईडी, मैसेज और कॉल लॉग डिलीट कर दी। इस साजिश में संतोष कुमार, ललित कुमार, आशीष कुमार और अन्य अज्ञात लोग शामिल हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर साइबर धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है। सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि साइबर अपराधों से बचाव में सावधानी बहुत जरूरी है। सोशल मीडिया पर किसी भी संदिग्ध अकाउंट से आने वाले संदेशों की पुष्टि किए बिना लेन-देन न करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!