यूपी में होली से रमजान तक हाई अलर्ट

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक की, जिसमें अफसरों को आने वाले त्योहारों को लेकर दिशा-निर्देश दिए। सीएम ने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई करें।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने होली, महाशिवरात्रि और रमजान सहित आने वाले पर्व-त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। बुधवार को कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि ब्रज क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश में होलिकोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया जाए, लेकिन किसी भी हाल में अराजक तत्वों को माहौल बिगाड़ने की छूट न मिले। शोभायात्राओं में उपद्रवियों की घुसपैठ रोकी जाए और रंग में भंग डालने वालों पर तत्काल कठोर कार्रवाई हो।
सीएम ने कहा कि होलिका दहन परंपरागत स्थलों पर ही कराया जाए, सड़क के बीच नहीं। सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखी जाए। महाशिवरात्रि, होली, रमजान, बोर्ड परीक्षाओं, जनगणना और कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। वाराणसी, मेरठ, लखीमपुर खीरी और बाराबंकी के डीएम से तैयारियों की जानकारी लेते हुए उन्होंने कहा कि प्रमुख मंदिरों पर श्रद्धालुओं की सुविधा, यातायात, पार्किंग और महिला सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें अलर्ट रहें तथा पर्याप्त महिला पुलिसकर्मी तैनात किए जाएं।
परिसर के बाहर न जाए आवाज
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि धर्मस्थलों के ध्वनि विस्तारक यंत्रों की आवाज परिसर से बाहर न जाए। विवाह समारोहों में रात दस बजे के बाद डीजे और तेज ध्वनि उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। उल्लंघन पर कठोर कार्रवाई होगी। धर्मस्थलों के आसपास भिक्षावृत्ति रोकने और पुनर्वास की योजना बनाने को भी कहा गया। 108 और 102 एंबुलेंस सेवाओं की कार्यक्षमता सुधारने के निर्देश दिए गए। अवैध शराब और सड़कों पर स्टंटबाजी पर सख्ती से रोक लगाने को कहा।

नकलविहीन हो परीक्षाएं
सीएम ने कहा कि बोर्ड परीक्षाएं पूरी तरह नकलविहीन हों। गड़बड़ी करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाए। रमजान और ईद, वासंतिक नवरात्र और राम नवमी को लेकर भी समय से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए। जल्द शुरू होने वाली जनगणना को लेकर सभी जिलाधिकारी सतर्क रहें और प्रत्येक विभाग अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी से निभाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!