विहिप का ध्वज हटाकर भीम आर्मी का झंडा लगाने पर हंगामा

मेंहनगर। थाना क्षेत्र के गोपालपुर स्थित गौतम नगर चट्टी पर रविवार सुबह स्मृति द्वार से विश्व हिंदू परिषद (विहिप)का ध्वज हटाकर भीम आर्मी का झंडा लगाए जाने पर बवाल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने में जुट गई। मामला इतना बढ़ गया कि पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच जमकर ईंट-पत्थर चलें। मौके पर पहुंची तीन थानों की पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और शरारती तत्वों को चिन्हित कर कार्रवाई करने में जुट गई है।
एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि मेंहनगर थाना क्षेत्र के गोपालपुर स्थित गौतम नगर चट्टी पर गांव में जाने वाले मुख्य मार्ग पर बने स्व. बाबू उदय सिंह स्मृति द्वार पर लगे वीएचपी ध्वज को हटाकर कुछ युवकों ने वहां भीम आर्मी का झंडा लगा दिया। सुबह करीब 9.15 बजे ग्रामीणों की नजर पड़ने पर उन्होंने आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और धक्का-मुक्की व झड़प शुरू हो गई। थाना प्रभारी निहार नंदन कुमार पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया लेकिन दोनों पक्षों में बीच ईंट-पत्थर चलने लगे। पुलिस ने तत्काल स्मृति द्वार से भीम आर्मी का झंडा हटवा दिया। घटना की सूचना मिलते ही सीओ लालगंज भूपेश पांडेय, एसडीएम प्रशांत कुमार और देवगांव व तरवां थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। एसपी सिटी ने बताया कि ध्वज हटाने और झंडा लगाने वाले युवकों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
किसी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर गश्त बढ़ा दी गई है। घटनास्थल पर विवाद करने वाले दोनों पक्षों पर पुलिस की ओर से प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। इसके बाद युवकों का पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।-मधुबन कुमार सिंह, एसपी सिटी

— मैं वहां नहीं था लेकिन जानकारी मिली है। कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकाला था। स्मृति द्वार पर हिंदू धर्म का झंडा लगा था, कार्यकर्ता बाबा साहेब का झंडा लगाना चाहते थे। इसी बात को लेकर थोड़ी अनबन हुई है। पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा था, आगे क्या हुआ मुझे इसके बारे में जानकारी नही है।-शेषनाथ राव, जिलाध्यक्ष भीम आर्मी।

— घटना संज्ञान में आई है। यह एक साजिश है। बाबा साहेब सबके हैं उनके झंडे को उचित स्थान मिलना चाहिए। अगर वहां पर विश्व हिंदू महासंघ के झंडे को हटाकर भीम आर्मी का झंडा लगाया जा रहा था तो गलत है। प्रशासन को दोनों पक्षों को बिठाकर बात करनी चाहिए।
राणा संत सिंह, जिलाध्यक्ष विश्व हिंदू महासंघ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!