आज 40 जिलों में लू की चेतावनी, देर रात से बदल सकता है मौसम का मिजाज

यूपी में भीषण गर्मी से लोगों का घरो से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा दिखा। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार देर रात या मंगलवार से मौसम करवट ले सकता है।

उत्तर प्रदेश में अप्रैल के आखिरी सप्ताह में ही जून जैसी तपिश महसूस की जा रही है। पूरब से पश्चिम तक गर्म हवाओं के थपेड़ों ने लोगों का घर से निकलना मुश्किल कर दिया है। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा दिख रहा है और आसमान से बरसती आग जैसी धूप जनजीवन को बेहाल कर रही है।

रविवार को बांदा 46.6 डिग्री सेल्सियस के साथ लगातार दूसरे दिन प्रदेश में सबसे गर्म रहा।

प्रयागराज में 45.7 डिग्री, अमेठी में 44.7 डिग्री और हमीरपुर में 44.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने सोमवार के लिए प्रदेश के 40 जिलों में लू की चेतावनी जारी की है। हालांकि इस बीच राहत की उम्मीद भी जताई गई है। विभाग के अनुसार, सोमवार देर रात या मंगलवार से मौसम करवट ले सकता है।आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 28 अप्रैल से पश्चिमी यूपी व तराई से शुरू होकर लगभग पूरे प्रदेश में हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं, जिससे तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। कुल मिलाकर अब अप्रैल के बचे हुए दिनों में लू की परिस्थितियों से फौरी तौर पर राहत की उम्मीद है।

इन इलाकों में है लू की चेतावनी

बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, हरदोई, फरुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर व आसपास के इलाकों में।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!