प्रेम प्रसंग को लेकर शादी में बवाल,दूल्हा-दुल्हन भागे, प्रेमिका का हंगामा

शादी समारोह के दौरान एक युवती पुलिस के साथ पहुंची और दूल्हे पर प्रेम संबंध का दावा करते हुए शादी रुकवाने लगी। इसके बाद दोनों पक्षों में विवाद और अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस पहुंची, लेकिन तब तक दूल्हा पक्ष निकल चुका था। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
आजमगढ़ के बिलरियागंज थाना क्षेत्र के पटवध कौतुक हरिजन बस्ती में शुक्रवार की रात एक शादी समारोह उस समय हंगामे में बदल गया, जब एक युवती पुलिस के साथ पहुंचकर दूल्हे पर पहले से प्रेम संबंध होने का दावा करते हुए शादी रुकवाने लगी। देखते ही देखते दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और मौके पर अफरा-तफरी, पथराव तथा भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।
जानकारी के अनुसार, पटवध कौतुक हरिजन बस्ती निवासी गुद्दुर की पुत्री की शादी मुबारकपुर थाना क्षेत्र के गढ़वल गांव निवासी बृजेश कुमार के साथ तय थी। शुक्रवार की शाम बारात पूरे धूमधाम के साथ लड़की पक्ष के दरवाजे पर पहुंची। द्वारपूजा सहित कई वैवाहिक रस्में चल रही थीं और परिवार के लोग खुशी के माहौल में विवाह कार्यक्रम में व्यस्त थे।

परिजनों में मचा कोहराम
ग्रामीणों के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर कुछ बरातियों ने डायल 112 पुलिस और युवती पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। हालात बिगड़ते देख पुलिस किसी तरह युवती को लेकर वहां से निकल गई और घटना की सूचना बिलरियागंज थाने को दी।

सूचना मिलते ही बिलरियागंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दूल्हा पक्ष वहां से फरार हो चुका था। बताया जा रहा है कि दूल्हा और दुल्हन सिंदूरदान की रस्म पूरी करने के बाद बारातियों के साथ मौके से निकल गए। पुलिस ने मौके से चार लोगों को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद लड़की पक्ष सदमे में है। परिजनों का कहना है कि करीब डेढ़ वर्ष पहले ही दोनों की शादी तय हो चुकी थी और दोनों ने कोर्ट मैरिज भी कर ली थी। दूल्हा विदेश में रहता था और छुट्टी लेकर घर आया था। परिवारों की सहमति से 22 मई को विवाह की तारीख निर्धारित की गई थी।

घटना की होगी जांच
लड़की पक्ष का आरोप है कि वही युवती तीन दिन पहले भी उनके घर पहुंची थी और शादी रुकवाने की धमकी देकर गई थी। इसकी जानकारी लड़के पक्ष को भी दी गई थी, लेकिन उन्होंने किसी तरह की समस्या न होने का भरोसा दिलाया था।

अचानक हुए इस विवाद के कारण शादी में किए गए भोजन, सजावट और अन्य व्यवस्थाओं में भारी नुकसान हुआ। खुशी का माहौल कुछ ही देर में तनाव और मायूसी में बदल गया। घटना के सदमे से लड़की पक्ष की एक महिला और एक युवती की तबीयत भी बिगड़ गई, जिन्हें उपचार के लिए डॉक्टर के पास ले जाना पड़ा। थाना प्रभारी अमित कुमार मिश्रा ने बतया कि घटना की जानकारी है। पथराव जैसी कोई बात नहीं है। घटना की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!