
पश्चिमी विक्षोभ की वजह से आज प्रदेश के 46 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम के बदलाव से दो मौतें भी हुई हैं।
नौतपा की भीषण गर्मी के बीच बृहस्पतिवार देर रात उत्तर प्रदेश का मौसम अचानक बदल गया। राजधानी लखनऊ समेत पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई जिलों में तेज हवाओं, गरज-चमक और झमाझम बारिश ने मौसम सुहाना कर दिया। तराई क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि पश्चिमी यूपी व अन्य कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई।आंधी- बारिश से शुक्रवार को प्रदेश के कई जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से 8 डिग्री तक नीचे आ गया। बाराबंकी, सीतापुर, कानपुर, हरदोई, मुरादाबाद, बरेली समेत कई जिलों में तेज आंधी और बारिश से तापमान में गिरावट आई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।
शुक्रवार को पूर्वी यूपी में सबसे ज्यादा 100 मिमी बारिश मिर्जापुर में हुई। इसके बाद अयोध्या में 90 मिमी, प्रयागराज में 61 मिमी, उन्नाव में 59 मिमी और सिद्धार्थनगर में 51 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं पश्चिमी यूपी में सहारनपुर सबसे अधिक भीगा, जहां 32 मिमी बारिश दर्ज हुई। हाथरस में 30 मिमी, जबकि बिजनौर, हमीरपुर और जालौन में 20-20 मिमी बारिश हुई। सीतापुर, बदायूं और झांसी समेत कई जिलों में ओले गिरे।
मौसम विभाग ने 30 मई यानी शनिवार के लिए प्रदेश के 46 जिलों में आंधी-तूफान और वहीं 14 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में है गरज चमक व आंधी का ऑरेंज अलर्ट (गति 50 से 70 किमी/घंटा)
बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, संत रवि दास नगर, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर व आस पास के क्षेत्र।
इन जिलों में है भारी वर्षा की चेतावनी
बांदा, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर, एवं आस पास के क्षेत्र
आंधी-पानी में बही गर्मी, 6.4 डिग्री लुढ़का पारा
बृहस्पतिवार देर रात मौसम ने अचानक करवट लिया। तेज झोंकेदार हवाएं चलनी शुरू हुईं और देखते ही देखते तेज बारिश होने लगी। करीब एक घंटे के भीतर बंथरा और मलिहाबाद में सर्वाधिक 18 मिमी वर्षा दर्ज की गई। जिले के अन्य हिस्सों में देर रात और फिर सुबह में मध्यम बारिश हुई।
रात और सुबह की बारिश के बाद राजधानी में ठंडी हवाएं चलते रहने से गर्मी मानो बह सी गई। शुक्रवार को गर्मी और उमस से खासी राहत मिली। न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री लुढ़क गया। सुबह और शाम में मौसम खुशनुमा बना रहा जिसका सभी ने लुत्फ उठाया। वैसे तो शुक्रवार को दिन में धूप निकली लेकिन उसमें बीते दिनों की तरह तपिश नहीं थी। ठंडी हवाओं ने उमस को हावी नहीं होने दिया।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के साथ बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आ रही नम हवाओं के कारण मौसम में यह बदलाव आया है। उन्होंने बताया कि फिलहाल अगले कुछ दिनों तक लखनऊ में लू जैसी परिस्थितियों से राहत बनी रहेगी। शनिवार को भी लखनऊ में तेज हवाओं के साथ छिटपुट बारिश देखने को मिल सकती है। शुक्रवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री की गिरावट के साथ 20.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
इस बार सामान्य से दस फीसदी कम होगी बारिश
माैसम विभाग ने शुक्रवार को मानसून-2026 को लेकर पूर्वानुमान जारी किया। जिसमें एल-नीनो का असर साफ दिखाई दे रहा है। इसके चलते प्रदेश में इस बार सामान्य से दस प्रतिशत तक कम बारिश होने के आसार हैं। जून में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है, जिससे लू के दिन सामान्य से दो-तीन दिन ज्यादा हो सकते हैं।
अवध में बिगड़े मोसम के दौरान दो की मौत
अवध के जिलों में बृहस्पतिवार देर रात आई आंधी और बारिश के दौरान दो लोगों की मौत हो गई। रायबरेली में आंधी-पानी से मकान का टिनशेड गिरने से दबकर एक महिला शकुंतला (50) की मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी शिवानी (19) घायल हो गई। पेड़ों के गिरने से दो अन्य महिलाएं भी घायल हो गईं। उधर अंबेडकरनगर में आंधी और मूसलाधार बारिश के बीच शुक्रवार की भोर बिजली गिरने से केदारनगर के इब्राहिमपुर के पशुपालक इंद्रजीत (50) की मौत हो गई। वहीं, जलालपुर क्षेत्र में बिजली की चपेट में आकर एक मवेशी की मौत हो गई और किसान अखिलेश झुलस गया। वहीं, अमेठी, अयोध्या, सीतापुर, सुल्तानपुर, गोंडा, बलरामपुर, बहराइच और श्रावस्ती में भी आंधी के साथ बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली।
