आजमगढ़। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) आजमगढ़ विभाग द्वारा आगामी सदस्यता अभियान के शुभारंभ के संबंध में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता में विभाग संयोजक गौरव शर्मा, जिला संयोजक आदित्य गुप्ता, जिला छात्रा प्रमुख त्रिशिका श्रीवास्तव एवं जिला सदस्यस्यता प्रमुख प्रत्युष राय उपस्थित रहे।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए विभाग संयोजक गौरव शर्मा ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है, जो अपने वैचारिक आधार, संगठनात्मक शक्ति और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के कारण लाखों विद्यार्थियों का विश्वास प्राप्त कर चुका है। परिषद प्रत्येक वर्ष सदस्यता के नए आयाम स्थापित करती है और अपने ही बनाए रिकॉर्ड को पीछे छोड़ने का कार्य करती है। उन्होंने बताया कि गत वर्ष आजमगढ़ 47000 सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसे
कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम से सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया। इस वर्ष संगठन ने 78500 सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसके लिए नगर के प्रत्येक क्षेत्र, प्रत्येक महाविद्यालय, प्रत्येक विश्वविद्यालय और प्रत्येक शैक्षणिक परिसर तक पहुंचने की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है।
उन्होंने कहा कि आज देश का युवा केवल अपनी शिक्षा तक सीमित नहीं रहना चाहता, बल्कि राष्ट्र के विकास, सामाजिक उत्तरदायित्व और नेतृत्व निर्माण में भी अपनी भूमिका निभाना चाहता है। विद्यार्थी परिषद ऐसे ही युवाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करती है। परिषद शिक्षा, सेवा, संस्कार, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, छात्र अधिकार और राष्ट्रहित के विविध विषयों पर निरंतर कार्य करती रही है, जिसके कारण देशभर के विद्यार्थी बड़ी संख्या में परिषद से जुड़ रहे हैं।
जिला सदस्यता प्रमुख प्रत्युष राय ने बताया कि इस वर्ष का सदस्यता अभियान विशेष रूप से व्यापक होगा। विश्वविद्यालयों, डिग्री कॉलेजों, इंटर कॉलेजों, तकनीकी संस्थानों, इंजीनियरिंग, मेडिकल, कृषि, विधि, प्रबंधन तथा अन्य सभी शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों तक पहुंचकर उन्हें परिषद से जोड़ा जाएगा। सदस्यता अभियान के माध्यम से प्रत्येक छात्र-छात्रा को राष्ट्र निर्माण की सकारात्मक प्रक्रिया का सहभागी बनाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि “जहाँ-जहाँ परिसर, वहाँ-वहाँ परिषद” केवल एक नारा नहीं, बल्कि संगठन का कार्य विस्तार का संकल्प है। इसी उद्देश्य से परिषद परिसर चलो अभियान संचालित करेगी, जिसके माध्यम से प्रत्येक शिक्षण संस्थान में विद्यार्थियों से संवाद स्थापित किया जाएगा, छात्र समस्याओं के समाधान के लिए कार्य किया जाएगा तथा परिसरों में सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण विकसित करने का प्रयास होगा।
प्रेस वार्ता में यह भी बताया गया कि सदस्यता अभियान के साथ-साथ परिषद आगामी दिनों में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन करेगी, जिसमें हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व निर्माण, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता तथा छात्र हितों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
प्रेस वार्ता के अंत में परिषद पदाधिकारियों ने बताया कि 28 जुलाई 2026 से आजमगढ़ में सदस्यता अभियान का औपचारिक शुभारंभ होगा। अभियान के अंतर्गत हजारों कार्यकर्ता घर-घर, विद्यालय-विद्यालय और महाविद्यालय-महाविद्यालय जाकर विद्यार्थियों से संपर्क करेंगे तथा उन्हें विश्व के सबसे बड़े छात्र संगठन की इस राष्ट्र निर्माण की यात्रा से जुड़ने के लिए प्रेरित करेंगे। परिषद ने सभी छात्र-छात्राओं से आह्वान किया कि वे सदस्यता ग्रहण कर एक सशक्त, शिक्षित, जागरूक और विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
