नर्सिंग परीक्षा में नकल, बारिश में बैठकर परीक्षार्थियों ने किया प्रदर्शन

नर्सिंग परीक्षा में नकल प्रकरण को लेकर शनिवार को हाफिजपुर स्थित परीक्षा केंद्र पर सैकड़ों परीक्षार्थियों ने हंगामा किया और परीक्षा का बहिष्कार कर दिया। छात्र बारिश में केंद्र के बाहर बैठकर निष्पक्ष जांच की मांग करते रहे। स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर हालात संभाले तथा छात्रों को समझाने का प्रयास किया।
आजमगढ़ शहर के हाफिजपुर स्थित विद्या इंटर कॉलेज में आयोजित नर्सिंग परीक्षा के दौरान कथित नकल प्रकरण सामने आने के बाद छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। परीक्षा केंद्र पर कुछ परीक्षार्थियों को नकल करते हुए पकड़े जाने की सूचना के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया और देखते ही देखते छात्रों ने परीक्षा का बहिष्कार कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
छात्रों का आरोप है कि कुछ लोगों की कथित गलती के लिए पूरे परीक्षा केंद्र और सभी परीक्षार्थियों की छवि खराब की जा रही है। उनका कहना था कि यदि परीक्षा केंद्र पर नकल की घटना हुई है तो इसकी निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए, न कि पूरे केंद्र को संदेह के दायरे में लाया जाए।
विरोध स्वरूप बड़ी संख्या में छात्र परीक्षा छोड़कर सड़क पर उतर आए। बारिश के बीच भी छात्र सड़क पर बैठे रहे और प्रशासन और परीक्षा व्यवस्था के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होने तक वे परीक्षा में शामिल नहीं होंगे।
परीक्षार्थियों ने किया हंगामा
सूचना मिलने पर कॉलेज प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और छात्रों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे और जांच की मांग करते हुए प्रदर्शन जारी रखा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी और शहर कोतवाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने छात्रों से वार्ता कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया।

देर शाम तक प्रशासन मामले को सुलझाने और छात्रों को आश्वस्त करने में जुटा रहा। परीक्षा केंद्र पर हुए इस घटनाक्रम के कारण कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। सीओ सिटी शुभम तोदी ने बताया कि विद्या इंटर कॉलेज में अटल मेडिकल कॉलेज का एंट्रेंस एग्जाम बीएससी नर्सिंग का संचालित हो रहा था। जब प्रथम पाली की परीक्षा समाप्त हुई तो कुछ बच्चों ने आरोप लगाया कि कक्ष में बैठे कुछ चिन्हित बच्चों को परीक्षा में मदद की जा रही थी, नकल उनको कराई जा रही थी। उस सूचना पर तत्काल मैं और एसडीएम मौके पर पहुंचे।

परीक्षा कराने वाली एजेंसी के प्राधिकृत अधिकारी यहां पर उपस्थित है। समस्त सीसीटीवी फुटेज और सारे प्रपत्रों का गहनता से अध्ययन कर रहे हैं और गहनता से जांच कर रहे हैं। बच्चों ने एक अपना एप्लीकेशन भी लिखकर दिया है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!