
यूपी के जिलाधिकारी की फोटो लगाकर ठगी की कोशिश का मामला सामने आया है। साइबर ठग का नंबर थाईलैंड में संचालित हो रहा हैा। जिला प्रशासन ने चेतावनी जारी की है। साथ ही लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
यूपी के सुल्तानपुर में जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की फोटो का दुरुपयोग करके साइबर ठग लोगों से रुपये मांग रहा है। ठग ने डीएम की प्रोफाइल फोटो लगाकर फर्जी व्हाट्सएप बनाया है। साइबर ठग विभिन्न लोगों को संदेश भेजकर आपात स्थिति का हवाला देते हुए आर्थिक सहायता की मांग कर रहा है। जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिलाधिकारी या किसी भी सरकारी अधिकारी की ओर से इस प्रकार व्हाट्सएप संदेश भेजकर धनराशि नहीं मांगी जाती है। ऐसे किसी भी संदेश या कॉल पर विश्वास न करें और किसी भी स्थिति में रुपये न भेजें। प्रशासन के अनुसार जांच में पता चला है कि फर्जी नंबर थाईलैंड से संचालित किया जा रहा है।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि डीएम या किसी अन्य अधिकारी के नाम से किसी नए नंबर से धनराशि मांगने का संदेश प्राप्त हो तो उसे तुरंत फर्जी समझें। ऐसे नंबरों को ब्लॉक करने के साथ निकटतम साइबर थाने अथवा साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं। प्रशासन ने लोगों से इस सूचना को अधिक से अधिक साझा करने की भी अपील की है, ताकि कोई भी व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार न हो सके।
अपर पुलिस अधीक्षक वृज नरायन सिंह के मुताबिक, किसी भी अधिकारी की फोटो लगे व्हाट्सएप से पैसा मांगा जाए तो तत्काल साइबर हेल्प डेस्क 1930 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
