नशे मे धूत पति ने पत्नी की चाकू घोंपकर की हत्या

यूपी के आजमगढ़ जिले में मछली बनाने को लेकर हुए विवाद में पति ने पत्नी की चाकू से वार कर हत्या कर दी। महिला की मौत से तीन बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया। उधर, वारदात के बाद आरोपी भाग गया।
आजमगढ़ जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के अल्हनी गांव में शुक्रवार की रात घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मछली बनाने को लेकर हुए विवाद में नशे में धुत पति ने अपनी पत्नी के पेट में चाकू घोंप दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पति भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
अल्हनी गांव निवासी नीरज पीओपी का कार्य करता है। शुक्रवार की रात करीब आठ बजे वह घर पहुंचा। उस समय उसकी पत्नी पिंकी (32) रसोई में सब्जी काट रही थी। नीरज अपने साथ मछली लेकर आया और पत्नी से उसे बनाने के लिए कहा। इस पर पिंकी ने कहा कि यदि पहले बता दिया होता तो वह सब्जी नहीं काटती। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।
आरोप है कि नशे में धुत नीरज ने गुस्से में आकर चाकू से पत्नी पर हमला कर दिया। चाकू पिंकी के पेट में लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी जयप्रकाश ने बताया कि घटना की जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
वारदात के बाद मौके से भागा आरोपी
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पति नीरज घर से फरार हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

तीन मासूम बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतका पिंकी एक पुत्री और दो पुत्रों की मां थी। मां की हत्या के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। गांव में भी घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि तीनों बच्चे अचानक मां के साए से वंचित हो गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!