सेवानिवृत्त अपर जिला जज से करोड़ों की धोखाधड़ी, तीन पर मुकदमा दर्ज

सेवानिवृत्त अपर जिला जज से करोड़ों की धोखाधड़ी मामले में प्रॉपर्टी कारोबारी समेत पांच के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। आरोपियों ने पूरी जमीन अधिक कीमत पर बिकवाने का झांसा देकर ठगी की थी।
सेवानिवृत्त अपर जिला जज जज प्रहलाद टंडन से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। प्रॉपर्टी कारोबारी और उसकी पत्नी समेत पांच के खिलाफ पीजीआई थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। मुख्य आरोपी प्रॉपर्टी कारोबारी विनीत सिंह और उसकी पत्नी शशि सिंह हैं। प्रेमा, सूरज कुमार और कमल किशोर भी साजिश में शामिल बताए गए हैं।
एफआईआर के मुताबिक प्रहलाद टंडन ने मई 2025 में कल्ली पश्चिम में 17 बिस्वा जमीन खरीदी थी। विनीत ने उन्हें पास की 5.5 बिस्वा और जमीन दिलाने का भरोसा दिया। उसने पूरी जमीन अधिक कीमत पर बिकवाने का भी झांसा दिया। विश्वास जीतने के लिए विनीत ने उनके खाते में अलग-अलग अकाउंट से 34 लाख रुपये भी भेजे। इससे पीड़ित को उस पर भरोसा हो गया।
आरोप है कि कुछ समय बाद खरीदी गई जमीन के बीच से रास्ता निकाल दिया गया। वहां प्लॉट काटकर बेच दिए गए। बची 5.5 बिस्वा जमीन की रजिस्ट्री आरोपी ने पत्नी शशि के नाम करा ली। आरोपी ने पुलिस लाइन के नाम दर्ज सरकारी जमीन बेचने का भी दावा किया था। इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि धोखाधड़ी, जालसाजी और फर्जी दस्तावेज तैयार करने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!