विद्यालय में बच्चों से झाड़ू लगवाते हैं गुरुजी

यह वीडियो प्राथमिक विद्यालय बेगपुर का बताया जा रहा है। जिसमें एक शिक्षक हाथों में डंडा लिए खड़े है और तीन बच्चे हाथों में झाडू लेकर विद्यालय परिसर में सफाई करते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के वायरल होते ही बेसिक शिक्षा पर बड़े सवाल खड़े होने शुरू हो गए हैं।
आजमगढ़ जिले में एक बार फिर बेसिक शिक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में आ गई है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो में एक शिक्षक हाथ में डंडा लिए बच्चों से विद्यालय परिसर में झाड़ू लगवाते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आते ही लोगों में आक्रोश फैल गया और शिक्षक की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे।
बताया जा रहा है कि यह मामला तहबरपुर विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय बेगपुर का है। वायरल वीडियो में तीन छोटे बच्चे हाथों में झाड़ू लेकर स्कूल की सफाई करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि शिक्षक पास में डंडा लेकर खड़े हैं। इस दृश्य ने शिक्षा व्यवस्था की संवेदनशीलता और बच्चों के अधिकारों को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
गौरतलब है कि इससे पहले अजमतगढ़ विकास खंड से भी एक वीडियो सामने आया था, जिसमें प्रधानाध्यापक बच्चों से गाड़ी धुलवाते नजर आए थे। उस मामले को गंभीरता से लेते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) ने संबंधित प्रधानाध्यापक को तत्काल निलंबित कर दिया था। अभी वह मामला पूरी तरह शांत भी नहीं हुआ था कि एक और वीडियो ने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

इस ताजा मामले पर बीएसए राजीव पाठक ने कहा कि वीडियो अभी उनके संज्ञान में नहीं आया है। हालांकि उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर संबंधित शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने अभिभावकों और आम जनता की चिंता बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि स्कूलों में बच्चों से इस तरह का कार्य कराना न केवल अनुचित है, बल्कि यह उनके अधिकारों का भी उल्लंघन है। अब देखना होगा कि जांच के बाद प्रशासन क्या कदम उठाता है और दोषियों पर किस प्रकार की कार्रवाई होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!