सिलेंडर गोदाम संचालक के खिलाफ FIR, 642 सिलेंडर कालाबजारी का आरोप

आजमगढ़ में पूर्ति निरीक्षक बिलरियागंज की तहरीर पर कार्रवाई की गई। इसके साथ ही गोदाम में मौजूद सभी सिलिंडर सीज कर दिए गए। तौहीद इंडेन ग्रामीण वितरक के गोदाम का निरीक्षण किया गया था, तभी यह मामला उजागर हुआ।
गैस सिलिंडर के कालाबाजारी के आरोप में बिलरियागंज ब्लॉक स्थित तौहीद इंडेन ग्रामीण वितरक बनकट के गोदाम संचालक तौहीद और शबाना बानो के खिलाफ बुधवार को प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। साथ ही गोदाम में मौजूद सभी सिलिंडरों को सीज कर पुलिस अभिरक्षा में सौंप दिया गया है। ये कार्रवाई पूर्ति निरीक्षक बिलरियागंज संतोष कुमार शर्मा की तहरीर पर की गई।
घरेलू गैस आपूर्ति में संकट के बीच प्रशासन ने जिले में गैस एजेंसियों के गोदामों की जांच शुरू कर दी है। इसी क्रम में बिलरियागंज ब्लॉक स्थित तौहीद इंडेन ग्रामीण वितरक बनकट के गोदाम के निरीक्षण में सोमवार को भारी अनियमितता सामने आई।
पूर्ति निरीक्षक बिलरियागंज संतोष कुमार शर्मा ने जांच के दौरान पाया गया कि स्टॉक रजिस्टर और ऑनलाइन रिपोर्ट के अनुसार गोदाम में जितने सिलिंडर होने चाहिए थे, उसके मुकाबले कम पाए गए। मौके पर 14.2 किलोग्राम के 276 घरेलू सिलिंडर खाली मिले, जबकि रिकॉर्ड के अनुसार 875 होने चाहिए थे। इसके अलावा 19 किलो के 43 व्यावसायिक सिलिंडर और 5 किलो के 5 घरेलू सिलिंडर भी कम मिले।

गोदाम के केयरटेकर रफीउल्लाह ने बताया कि 9 और 10 मार्च को 666 घरेलू सिलिंडर की आपूर्ति हुई थी। इनका वितरण 10 मार्च तक कर दिया गया। प्राथमिक जांच में सामने आया कि 642 गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी की गई है। जिलाधिकारी की अनुमति के बाद एजेंसी संचालक तौहीद और शबाना बानो के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
जांच के दौरान तौहीद इंडेन ग्रामीण वितरक बनकट के गोदाम में स्टॉक रजिस्टर, ऑनलाइन रिकॉर्ड और मौके पर मौजूद सिलिंडरों की संख्या में भारी अंतर पाया गया। प्रथम दृष्टया 642 घरेलू व व्यावसायिक गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी की आशंका सामने आई है। डीएम की अनुमति के बाद संबंधित एजेंसी संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। – संतोष कुमार शर्मा, पूर्ति निरीक्षक बिलरियागंज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!