
आजमगढ़। जहानागंज थाना क्षेत्र में 30 मई को रात करीब 12 बजे प्रेमी ने बहाने से युवती को बुलाया। युवती आई तो अपने पांच साथियों के साथ मिलकर प्रेमी ने सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने सोमवार को छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
थाना प्रभारी अतुल कुमार मिश्रा ने बताया कि पीड़िता की मां ने 31 मई को जहानागंज थाने में तहरीर दी थी कि अंबेडकर नगर जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र के पखनपुर निवासी आजाद(21), अतिश कुमार(22), करन कुमार(20), दिलमनपुर निवासी विकास कुमार(18), साहिल कुमार (20)और बड़ौराखुर्द निवासी अंकित कुमार (18) ने पुत्री के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। बेटी ने विरोध किया तो जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस ने बताया कि क्षेत्र की रहने वाली युवती का अंबेडकरनगर जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र के पखनपुर गांव निवासी आजाद से प्रेम संबंध था। आजाद की युवती के घर और पड़ोस में रिश्तेदारी भी थी, इस वजह से उसका अक्सर वहां आना-जाना रहता था। पुलिस ने सभी आरोपियों का चिकित्सीय परीक्षण कराने के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं मां की तहरीर मिलने के बाद पीड़िता की मेडिकल जांच कराई गई थी।
