प्रदेश अध्यक्ष ने सभी छह क्षेत्रीय अध्यक्षों को बदलने के साथ पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों में भी काफी बड़ा बदलाव किया है। कई चेहरों को महत्वपूर्ण काम दिया गया है।
प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी संभालने के करीब छह महीने बाद पंकज चौधरी ने बृहस्पतिवार को प्रदेश भाजपा संगठन नई कार्यकारिणी घोषित कर दिया है। नई मुख्य कार्यकारिणी में 19 उपाध्यक्ष, 8 महामंत्री और 19 मंत्री शामिल किए गए हैं। कुल 64 लोगों की जारी सूची में छह क्षेत्रीय और छह मोर्चा के अध्यक्षों के आलावा 3 कार्यालय मंत्री भी बनाए गए हैं। वहीं, मनीष दीक्षित को एक बार फिर से मीडिया प्रभारी की कमान सौंपी गई है।
अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी ने इस बार प्रदेश कार्यकारिणी में एमएलसी और सांसद बन चुके कई पुराने चेहरों को बदलकर नए लोगों को मौका दिया गया है। नई प्रदेश कार्यकारिणी में पदाधिकारियों की संख्या बढ़ाई गई है। पहले प्रदेश महामंत्री, उपाध्यक्ष और मंत्रियों की कुल संख्या 41 थी। अब यह संख्या 46 हो गई है। इसके अलावा छह क्षेत्रीय अध्यक्ष, छह मोर्चा अध्यक्ष, तीन कार्यालय मंत्री और सहमंत्री मिलाकर कुल 64 पदाधिकारियों की सूची है। इनमें 27 सामान्य और 30 ओबीसी, 6 एससी और 1 एसटी पदाधिकारी हैं। पिछड़ी जातियों में ज्यादा फोकस गैर यादव ओबीसी पर है। क्षेत्र के लिहाज से नई टीम में पूर्वांचल और अवध से कुल 38 पदाधिकारी हैं। वहीं पश्चिमी यूपी और ब्रज क्षेत्र से 23 पदाधिकारियों को नई टीम में शामिल किया गया है।
चुनाव प्रबंधन को और मजबूत करने के लिए उपाध्यक्ष के 17 पदों को बढ़ाकर जहां 19 किया गया है, वहीं, पुराने 17 सदस्यों में से 12 पुराने सदस्यों के स्थान पर नए चेहरों को उपाध्यक्ष बनाया गया है। जबकि 5 पुराने सदस्यों को दुबारा उपाध्यक्ष बनाया गया है। इसी तरह 8 महामंत्री के पदों पर भी एमएलसी व सांसद बन चुके चार सदस्यों को संगठन की जिम्मेदारी से मुक्त किया गया है और दो लोगों को प्रमोट किया गया है। इनके स्थान पर छह नए चेहरों को मौका दिया गया है। जबकि दो लोगों दुबारा महामंत्री बनाया गया है।
वहीं मंत्री का पद भी बढ़ाकर 16 से 19 किया गया है। इस पद पर भी 9 लोगों को संगठन से मुक्त किया गया है और तीन लोगों को प्रोन्नति देते हुए उपाध्यक्ष और महामंत्री बनाया गया है। जबकि 3 लोगों को दुबारा मंत्री बनाया गया है। प्रदेश भाजपा की नई टीम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बड़े बेटे व विधायक पंकज सिंह के स्थान पर अब छोटे बेटे नीरज सिंह को भाजपा की प्रदेश टीम ने एंट्री देते हुए उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, सपा से बगापत करने वाली विधायक पूजा पाल को भी पार्टी में प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया है। यही नहीं, पूर्व मंत्री और फायर ब्रांड हिंदुत्व चेहरा माने जाने वाले सुरेश राणा को एक बार फिर से संगठन में उपाध्यक्ष बनाया गया है।
प्रदेश अध्यक्ष ने सभी छह क्षेत्रीय अध्यक्षों को बदलने के साथ पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों में भी काफी बड़ा बदलाव किया है। क्षेत्रीय अध्यक्ष पद से हटाए गए पार्टी कार्यकर्ताओं में कमलेश मिश्र को छोड़कर शेष सभी पांच को प्रदेश टीम में जगह दी गई है। काशी क्षेत्र के अध्यक्ष पद से मुक्त हुए दिलीप पटेल को प्रदेश में महामंत्री बनाया गया है। गोरखपुर क्षेत्र के अध्यक्ष पद से मुक्त किए गए सहजानंद राय को प्रदेश मंत्री बनाकर समायोजित किया गया है। कानपुर के क्षेत्रीय अध्यक्ष पद से मुक्त प्रकाश पाल को किसान मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है ।
ये हैं प्रदेश भाजपा की नई टीम के सदस्य
पंकज चौधरी- अध्यक्ष, धर्मपाल सिंह- महामंत्री
उपाध्यक्ष- सुरेश राणा, सत्यपाल सैनी, ब्रज बहादुर, डॉ. धर्मेंद्र सिंह, मोहित बेनीवाल, देवेश कोरी, प्रियंका रावत. दुर्विजय शाक्य, रमेश सिंह, नीरज सिंह, अर्चना मिश्रा, पूजा पाल, शंकर गिरी, कामेश्वर सिंह, डॉ. कृतिका अग्रवाल, सुरेश मौर्य, राजेश यादव, कृष्ण बिहारी राय, आलोक गुप्ता।
महामंत्री- रामप्रताप सिंह चौहान, गीता शाक्य, अभिजात मिश्रा, उपेंद्र रावत, संजय राय, शंकर लोधी, दिलीप पटेल, राजेश चौधरी।
मंत्री- विजय शिवहरे, बसंत त्यागी, शिवभूषण सिंह, सहजानंद राय, अंकुर शर्मा, अनिल यादव, अवधेश श्रीवास्तव, विजय राजभर, प्रमेन्द्र जांगड़ा विश्वकर्मा, किरण लोधी निषाद, राकेश बिंद, संचिता सिंह चौहान (नोनिया), रजनी पांडेय, राहुल वाल्मीकि, महामेधा नागर, दीपमाला संतोषी, सुहासिनी जायसवाल, यतेंद्र शर्मा व आकांक्षा सोनकर।
सभी 6 क्षेत्रीय अध्यक्ष बदले, अवधेश को अवध की कमान
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सभी छह क्षेत्रों के क्षेत्रीय अध्यक्ष भी बदल दिए हैं। इसमें कमलेश मिश्रा के स्थान के स्थान पर अब अवधेश द्विवेदी को अवध का नया क्षेत्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, काशी के क्षेत्रीय अध्यक्ष रहे दिलीप पटेल को पदोन्नत कर प्रदेश महामंत्री बनाया गया है। उनके स्थान पर अब उनके ही संगठन में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रहे अशोक चौरसिया को काशी का क्षेत्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। गोरखपुर के क्षेत्रीय अध्यक्ष रहे सहजानंद राय को अब प्रदेश टीम में मंत्री बनाया गया है। उनके स्थान पर विनोद राय को गोरखपुर का क्षेत्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। कानपुर के क्षेत्रीय अध्यक्ष रहे प्रकाश पाल को ओबीसी मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है, उनके स्थान पर अब राम किशोर साहू को क्षेत्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। ब्रज के क्षेत्रीय अध्यक्ष रहे दुर्विजय शाक्य को प्रदेश टीम में उपाध्यक्ष बनाकर उनके स्थान पर पूरनलाल लोधी को और नवाब सिंह नागर को पश्चिम का क्षेत्रीय अध्यक्ष बनाया गया है।
ये बने मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष
रोहित मिश्रा- युवा मोर्चा, प्रकाश पाल पिछड़ा-मोर्चा, देवेन्द्र सिंह- किसान मोर्चा, अशोक रावत- अनुसूचित मोर्चा, सरोज कुशवाहा- महिला मोर्चा, अनुसूचित जन जाति मोर्चा- विद्याभूषण गोंड।
इनको भी मिली जिम्मेदारी
भारत दीक्षित- कार्यालय प्रभारी, अतुल अवस्थी व लक्ष्मण सिंह कार्यालय सह-मंत्री
मनीष दीक्षित को फिर से मीडिया की कमान
प्रदेश अध्यक्ष ने 2017 से लगातार प्रदेश भाजपा की मीडिया टीम की कमान संभालने वाले मनीष दीक्षित को एक बार फिर से अपनी टीम में भी मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी है। माना जा रहा है कि 2027 में होने वाले चुनाव को देखते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने मीडिया प्रबंधन के लिहाज से दीक्षित के अनुभव को देखते हुए जिम्मेदारी दी है। दीक्षित इससे पहले भी केशव प्रसाद मौर्या, महेंन्द्र नाथ पांडेय, स्वतंत्रदेव सिंह और भूपेंन्द्र चौधरी के कार्यकाल में भी मीडिया प्रभारी के तौर पर काम कर चुके हैं। 2022 में हुए विधानसभा और 2019 और 2024 में हुए लोकसभा चुनाव में मीडिया प्रबंधन का काम देख चुके हैं।
नई टीम में ओबीसी पर खास फोकस
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की ओर से जारी की गई 64 लोगों की सूची में सबसे अधिक संख्या पिछड़ा वर्ग की है। इस सूची में कुल 30 लोगों के नाम को शामिल किया गया है, जिसमें जाट, यादव, कुर्मी, पाल, शाक्य, गुर्जर, लोधी समेत सभी पिछड़ी जातियों को प्रतिनिधित्व दिया गया है। वहीं, सामान्य वर्ग के 27 लोगों के नाम सूची में हैं। इनमें भी ब्राम्हण, क्षत्रिय, भूमिहार, वैश्य, कायस्थ और त्यागी शामिल हैं। जबकि एसटी वर्ग के छह और एससी वर्ग के एक सदस्य को भाजपा की नई टीम में स्थान मिला है। टीम में विभिन्न जातियों की 12 महिलाएं भी हैं।
सभी मोर्चा और क्षेत्रीय अध्यक्ष भी बदले
प्रदेश कार्यकारिणी के साथ ही मोर्चा अध्यक्षों और क्षेत्रीय अध्यक्षों का भी ऐलान किया गया है। ये सभी अध्यक्ष बदल दिए गए हैं। इनमें क्षेत्र की आबादी के अनुसार जातीय संतुलन बनाने की कोशिश की गई है। क्षेत्रीय अध्यक्षों में तीन ओबीसी, दो सवर्ण और एक एससी को क्षेत्रीय अध्यक्ष बनाया है। इसी तरह मोर्चा अध्यक्षों में दो सवर्ण, एक ओबीसी, दो एससी और एक एसटी वर्ग से हैं।
