कांग्रेस ने कंगना रनौत के खिलाफ युवाओं के विरुद्ध बयान पर की शिकायत

कांग्रेस ने कंगना रनौत के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने के लिए तहरीर दी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि रनौत ने जेन-जी, छात्र-छात्राओं, युवाओं के विरुद्ध अपमानजनक, जनभावनाओं को आहत करने वाला बयान दिया है।
अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर अनामिका यादव ने भाजपा सांसद कंगना रनौत के कथित बयान के खिलाफ राजधानी लखनऊ के हुसैनगंज थाने में तहरीर देकर एफआईआर दर्ज करने और विधिक कार्रवाई की मांग की है।
अनामिका यादव ने अपनी शिकायत में कहा कि 30 जुलाई को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक के विरोध में चल रहे प्रदर्शन के संबंध में भाजपा सांसद कंगना रनौत द्वारा दिया गया एक सार्वजनिक बयान विभिन्न समाचार माध्यमों और सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ।
माता-पिता की परवरिश पर भी सवाल उठे
तहरीर के अनुसार, इस बयान में प्रदर्शन कर रहे युवाओं, छात्र-छात्राओं, महिलाओं और नई पीढ़ी के लिए अपमानजनक टिप्पणियां की गईं। देश की बेटियों के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि बयान में युवाओं के माता-पिता की परवरिश पर भी सवाल उठाए गए।
तहरीर में कहा गया है कि यह कथित बयान केवल प्रदर्शनकारियों का नहीं, बल्कि देश की नई पीढ़ी, महिलाओं, युवाओं और उनके परिवारों का सामूहिक अपमान है। शिकायत के अनुसार, इस तरह का सार्वजनिक वक्तव्य समाज में आक्रोश, वैमनस्य और अशांति पैदा कर सकता है तथा करोड़ों लोगों की भावनाओं और गरिमा को ठेस पहुंचाता है।
कंगना रनौत के कथित बयान की निष्पक्ष जांच की मांग
अनामिका यादव ने मांग की है कि कंगना रनौत के कथित बयान की निष्पक्ष जांच कराई जाए और भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की परिस्थितियों के अनुरूप लागू होने वाली धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाए। साथ ही, बयान से संबंधित मूल वीडियो, ऑडियो और सोशल मीडिया पोस्ट को सुरक्षित रखते हुए उन्हें साक्ष्य के रूप में संकलित कर निष्पक्ष विवेचना की जाए।
इस दौरान अनामिका यादव के साथ जैनब हैदर, प्रो. विनोद चंद्रा, इलाहाबाद उच्च न्यायालय के अधिवक्ता दिलीप कुमार मिश्रा, सत्य प्रकाश पांडेय, संजय सिंह, राकेश पांडेय सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता और वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!