अवैध असलहे से हर्ष फायरिंग का वीडियो वायरल, गिरफ्तारी मे जुटी पुलिस

आजमगढ़ जिले में एक युवक का अवैध असलहे से हर्ष फायरिंग करने का वीडियो वायरल हो रहा है। मामले में पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
आजमगढ़ जिले में अवैध असलहों और हर्ष फायरिंग पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसके बावजूद समय-समय पर हर्ष फायरिंग के वीडियो सामने आने से पुलिस कार्रवाई की प्रभावशीलता पर सवाल उठ रहे हैं। ताजा मामला सिधारी थाना क्षेत्र का है, जहां एक युवक का अवैध असलहे से ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा युवक सिधारी थाना क्षेत्र के तिवारीपुर गांव का निवासी अभिनव सिंह उर्फ मंटू है। वीडियो में युवक खुलेआम अवैध असलहे से फायरिंग करता नजर आ रहा है। स्थानीय लोगों के बीच वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है। बताया जा रहा है कि आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमा सक्रिय हो गया है। मामले की जांच करते हुए पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए जांच कराई गई है। आरोपी की शिनाख्त हो चुकी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!