5वीं पास व्यक्ति बना फर्जी पुलिस अधिकारी, ठगी के आरोप मे हुआ गिरफ्तार

आजमगढ़ जिले में खुद को पुलिस अधिकारी बताकर ठगी करने का मामला सामने आया है। गंभीरपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर पुलिस अधिकारी की वर्दी पहनकर वीडियो कॉल करता था और खुद को सीओ बताकर लोगों को प्रभावित करता था। पुलिस के अनुसार आरोपी ने शराब का ठेका दिलाने के नाम पर 3.20 लाख रुपये की मांग की थी और 90 हजार रुपये ले भी चुका था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गंभीरपुर थाना क्षेत्र के मगरावा गांव निवासी 40 वर्षीय संजय के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक वह पांचवीं कक्षा तक पढ़ा है। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से दो कूटरचित पुलिस अधिकारी पहचान पत्र, शराब ठेके का फर्जी आवंटन पत्र, पुलिस वर्दी का एक सेट और मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि संजय ने खुद को पुलिस का सीओ अधिकारी बताते हुए शराब का ठेका दिलाने के नाम पर 3.20 लाख रुपये की मांग की। आरोप है कि 30 अगस्त को उसे 90 हजार रुपये नकद दिए गए थे। इसके बाद आरोपी की गतिविधियों पर संदेह हुआ। पुलिस के मुताबिक एक सितंबर को उसने पुलिस की वर्दी पहनकर मोबाइल से वीडियो कॉल की और खुद को पुलिस अधिकारी बताकर शिकायतकर्ता को भरोसे में लेने का प्रयास किया। बाद में उसके बारे में जानकारी जुटाने पर पता चला कि वह पुलिस विभाग में अधिकारी नहीं है।
वही पुलिस ने यह भी बताया कि मुखबिर से मिली सूचना और आरोपी की लोकेशन के आधार पर उसे रानीपुर रजमों मोड़ के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कथित तौर पर दो फर्जी पुलिस पहचान पत्र, शराब ठेके का कूटरचित आवंटन पत्र, पुलिस वर्दी और मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ गंभीरपुर थाने में धारा 318(4), 319(2) बीएनएस और 66डी आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने यह भी बताया है कि आरोपी के खिलाफ वर्ष 2017 में गंभीरपुर थाने में धारा 420 आईपीसी के तहत एक मुकदमा दर्ज हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!