पति ने किया पाकिस्तानी महिला से निकाह तो पत्नी ने चार बच्चों को उतारा मौत के घाट

यूपी के अंबेडकर नगर में एक मां ने अपने चार बच्चों की बेरहमी से हत्या कर दी। वह अपने पति से नाराज चल रही थी। पति ने दूसरा निकाह कर रखा था।
अकबरपुर के मीरानपुर मुरादाबाद में शनिवार दोपहर एक घर में चार बच्चों की किसी भारी चीज से कूचकर हत्या कर दी गई। पुलिस आशंका जता रही है कि मां गासिया खातून ने शुक्रवार रात बच्चों को खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया। बेसुध होने पर चारों की हत्या कर दी। इसके बाद कमरे को अंदर से बंदकर लापता हो गई। उधर, सऊदी अरब में रह रहे बच्चों के पिता ने फोन न उठने पर अपने रिश्तेदारों को मौके पर भेजा। खबर पाकर पुलिस पहली मंजिल के रास्ते घर में दाखिल हुई तो कमरे में चारों बच्चों के शव पड़े थे। डीआईजी सोमेन वर्मा, डीएम ईशा प्रिया, एसपी प्राची सिंह ने फोरेंसिक टीम के साथ जांच की। फिलहाल पुलिस को मां गासिया खातून पर ही चारों बच्चों की हत्या का शक है। घर में पड़े मिले मोबाइल की पुलिस जांच कर रही है।
महरुआ के कसड़ा निवासी नियाज ने मीरानपुर में अपनी पत्नी गासिया खातून के नाम पर जमीन लेकर चार वर्ष पूर्व मकान का निर्माण कराया था। यहां गासिया अपने बड़े बेटे शफीक (14), सऊद (12), उमर (10) और बेटी बयान (8) के साथ रहकर उनकी परवरिश कर रही थीं। नियाज सऊदी अरब में नौकरी करता है। एसपी प्राची सिंह ने बताया कि शनिवार सुबह 7:30 बजे दूधवाले ने दरवाजा खटखटाया। कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर वह लौट गया। दोपहर तक बच्चों से फोन पर संपर्क न होने पर नियाज ने शहजादपुर निवासी भाभी बकीतुनिशा से बात की। इसके बाद रिश्तेदारों ने पुलिस को सूचना दी। दोपहर तीन बजे पुलिस पहुंची तो कमरा अंदर से बंद था। पुलिस बालकनी पर चढ़कर घर में दाखिल हुई और किसी तरह मुख्य दरवाजा खोल गया। घर में पहली मंजिल पर बने कमरे में तख्त पर बच्चों के शव खून से लथपथ मिले।

दीवार से लेकर बिस्तर तक मिले खूने के छींटे
एसपी प्राची सिंह ने बताया कि दीवार से लेकर बिस्तर तक पर खून की छींटे फैले थे। कमरे में बच्चों के उल्टी करने के निशान मिले हैं। शक है कि हत्या से पहले खाने में कुछ विषैला पदार्थ मिलाकर दिया गया और इसके बाद बेरहमी से हत्या की गई।आशंका है कि बच्चों के सिर पर ईंट व हथौड़े से प्रहार किया गया है। हालांकि कमरे से कुछ मिला नहीं है। पुलिस ने चारों शवों को राजकीय मेडिकल कॉलेज भिजवाया। परिवार के लोगों से पूछताछ के साथ महिला की तलाश की जा रही है।
पाकिस्तानी महिला से कर लिया था निकाह
एसपी प्राची सिंह ने बताया कि नियाज ने सऊदी अरब में एक पाकिस्तानी महिला से निकाह कर लिया था। तभी से गासिया खातून से उसकी अनबन चल रही थी। वह चार साल से घर नहीं लौटा था। वह तनाव में रहती थी। आशंका है कि वारदात के पीछे भी कहीं यह वजह न हो। उन्होंने बताया कि जांच में प्रथम दृष्ट्या यह पता चल रहा है कि महिला ने ही अपने चार बच्चों की हत्या की और इसके बाद बालकनी से कूदकर भाग गई। वारदात के खुलासे के लिए पुलिस की छह टीमें लगाई गई हैं।

चार साल से सऊदी से नहीं आया नियाज, पत्नी से चल रही थी अनबन

महरुआ के ग्राम कसड़ा का नियाज अहमद पिछले चार साल से सऊदी से वापस नहीं आया था और पत्नी गासिया खातून से विवाद भी चल रहा था। चार मासूमों की बेरहमी से हुई हत्या ने पूरे मीरानपुर से लेकर पैतृक गांव कसड़ा तक हर किसी को झकझोर दिया है। घटना होने के बाद पारिवारिक विवाद भी खुलकर सामने आ रहे हैं। नियाज अहमद के सऊदी अरब में किसी पाकिस्तानी महिला से निकाह होने की बात भी कही जा रही है, जिसके चलते मिया-बीवी में आए दिन विवाद भी होता रहता है। पुलिस पति से विवाद के अलावा आशनाई और संपत्ति विवाद के एंगल पर भी छानबीन कर रही है।

नियाज की शादी लगभग 17 साल पहले भीटी के सम्मनपुर छितौनिया की गासिया खातून से हुई थी। करीब सात साल पहले रोजी-रोटी के सिलसिले में सऊदी अरब गया था। यहां उसने ठीक-ठाक कमाई की और मीरानपुर के मुरादाबाद मोहल्ले में पत्नी गासिया खातून के नाम जमीन लेकर दो मंजिला घर भी बनवाया। काम अभी पूरा नहीं हुआ था लेकिन परिवार की सुख सुविधा के पर्याप्त इंतजाम थे। नियाज की मां और दो भाई सलीम व मुबारक गांव में ही रहते थे। भाई कलीम और करीम भी सऊदी में रहकर नौकरी कर रहे थे। करीब चार साल पहले नियाज सऊदी वापस गया तो फिर लौटकर नहीं देखा। बताया जा रहा है कि सऊदी में ही उसके किसी पाकिस्तानी महिला से संबंध हो गए हैं और उससे निकाह भी कर लिया। इसके चलते उसका अपनी पत्नी से विवाद भी होता रहता था। पड़ाेसी गुड्डू ने बताया कि शुक्रवार को चारों बच्चे शफीक (14), सऊद (12), उमर (10) और बेटी बयान उर्फ सादिया (8) पहितीपुर मार्ग स्थित डिवाइन पब्लिक स्कूल से पढ़ते और सभी पढ़ाई में बेहतर थे। बताया जा रहा है कि शुक्रवार दोपहर बाद स्कूल से घर आने के बाद बाहर नहीं निकले थे। माना जा रहा है कि रात में ही महिला ने खाने में कुछ विषैला पदार्थ मिलाकर बच्चों को बेहोश कर दिया और रात में ही वारदात को अंजाम दे डाला।

नियाज रविवार को पहुंच सकता है अंबेडकरनगर
नियाज अहमद की पत्नी से भले अनबन चल रही हो लेकिन बच्चों से नियमित रूप से बात होती रहती थी। नियाज ने सुबह अपने घर पर फोन किया तो रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद उसने अपने एक साथी को फोन किया तो पता चला कि बच्चे शनिवार को स्कूल भी नहीं गए थे। इसके बाद ही नियाज को अनहोनी की आशंका हो गई थी। चारों बच्चों की हत्या के बाद नियाज सऊदी अरब से वापस आने की तैयार में जुट गया है। बताया जा रहा है कि रविवार को वह वापस आ जाएगा।

परिजनों में दिखा आक्रोश
हत्याकांड के बाद जब बच्चों के शवों को पाेस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया तो परिजनों में घटना को लेकर आक्रोश नजर आया। कोतवाल श्रीनिवास पांडेय से मामले में जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की। इसपर पुलिस से हल्की नोकझोंक भी हुई। इसके बाद सभी परिजनों को कोतवाली लाया गया जहां सभी को एक कक्ष में बैठाया गया। उनके साथ पहुंचे अन्य नाते-रिश्तेदारों कोतवाली से बाहर करने का प्रयास किया गया तो पुलिस कर्मियों से कहासुनी भी हुई।

अलग-अलग टीमों को सौंपा गया जिम्मा

एसपी प्राची सिंह ने घटना के जल्द से जल्द खुलासे के लिए छह टीमों का गठन किया है। इनमें हर टीम को अलग-अलग जिम्मा सौंपा गया है। मोहल्ला मुराबाद के आसपास के घरों में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। साथ ही एक टीम महिला के मोबाइल का पासवर्ड खोलने का प्रयास कर रही है। इसके अलावा सीडीआर व अन्य तमाम डिटेल भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस को आशंका यह भी है कि कहीं महिला का किसी से प्रेम प्रसंग तो नहीं चल रहा था और उसी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दे दिया है।

गांव में रहता है पूरा परिवार
बड़े भाई सलीम अपनी पत्नी शकीला के साथ गांव में रहते हैं। इनके बच्चे अब्दुल कादिर, राजू, अरमान, गुड़िया व गुड्डन हैं। भाई मुबारक भी घर में ही अपनी पत्नी हसीरा के साथ रहते हैं। बच्चे मुस्तकीम, आजाद, नेहा व जैनब हैं। कलीम की पत्नी हसीन बानो, बच्चे खुशबू, तबस्सुम, तरन्नुम, मो. आमिर गांव में रहते हैं। करीम की पत्नी बनीतुल निशा, बच्चे शोएब अख्तर, रसमतुल निशा व फातिमा भी गांव में ही रहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!